Ranchi: झारखंड से राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद झामुमो नेता एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम सोमवार को अपने परिवार के साथ मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया तथा राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की. मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा संपन्न कराई. पूजा के बाद बैद्यनाथ राम ने कहा कि मां दिउड़ी उनकी आस्था का प्रमुख केंद्र है और वे समय-समय पर यहां दर्शन के लिए आते रहे हैं.

जनता और पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद मां के दरबार में आकर आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है. जनता और पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे.

राज्यसभा में झारखंड के मुद्दे उठाने की बात
बैद्यनाथ राम ने कहा कि वे झारखंड के विकास, जनहित और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाएंगे. उन्होंने राज्य के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया. इस अवसर पर विकास कुमार मुंडा भी उनके साथ मौजूद रहे. मंदिर परिसर में झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे. सभी ने नवनिर्वाचित सांसद को बधाई दी और मां सोलहभुजी का आशीर्वाद प्राप्त किया.
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
राज्यसभा सांसद के मंदिर आगमन को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई, जबकि तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहा. श्रद्धापूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना संपन्न हुई.
ALSO READ : झारखंड में संविदाकर्मियों के लिए बड़ा मौका, नौकरी की दौड़ में मिलेगा बोनस अंक का सहारा


