Giridih: गावां प्रखंड की संकरी नदी से एनजीटी की रोक के बावजूद हो रहे अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सोमवार को गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि संकरी नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर तिसरी की ओर भेजा जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने गावां-तिसरी मुख्य मार्ग पर दुखिया महादेव मंदिर के पास घेराबंदी कर एक बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया.
अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप
वहीं दूसरा ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखते ही वाहन लेकर भागने लगा. पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक लगातार बचने का प्रयास करता रहा. बताया जाता है कि दोनोसोत के पास चालक ने ट्रैक्टर का हाइड्रोलिक उठाकर सड़क पर बालू गिरा दिया, जिससे ट्रैक्टर का डाला पलट गया. इसके बाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से पलटे हुए डाले को हटवाया और ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गई. पुलिस ने एक अन्य बालू लदे ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया. इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.

थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने कहा…
स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरी नदी से लंबे समय से अवैध बालू खनन और परिवहन का खेल जारी है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध बालू खनन पर स्थायी रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ: झारखंड में संविदाकर्मियों के लिए बड़ा मौका, नौकरी की दौड़ में मिलेगा बोनस अंक का सहारा


