Ranchi: रांची के डोरंडा के रहने वाले कुख्यात अपराधी अमजद गद्दी को झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिली है. यह जमानत अमजद गद्दी को लातेहार थाना कांड संख्या 37/2020 के मामले में न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी की अदालत ने प्रदान की है. हालांकि, बेल मिलने के बाद भी अमजद गद्दी जेल से बाहर नहीं आ पाएगा. इससे पूर्व जैप जवान अंजन विश्वकर्मा हत्याकांड मामले में उसकी जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है.

कई मामलों में है आरोपी
आपको बता दें कि कुख्यात अमजद गद्दी रांची में दर्ज जैप जवान अंजन विश्वकर्मा की हत्या समेत कई मामलों में आरोपी है. जैप जवान अंजन विश्वकर्मा का मामला 31 जुलाई 2016 का है, जब जैप जवान अंजन विश्वकर्मा डोरंडा स्थित नदी किनारे मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे. उसी दौरान अमजद गद्दी जुआ खेल रहा था और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद के दौरान अमजद गद्दी ने अंजन विश्वकर्मा पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी.


