Jamtara: जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. वर्ष 2000 में दर्ज दहेज हत्या के एक मामले में पिछले 26 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नयन दास उर्फ सुकुमार दास (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय दुखु दास, निवासी बाबुपुर, थाना कुंडहित के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार कुंडहित थाना कांड संख्या 53/2000 एवं एसटी संख्या 11/2001 में आरोपी के विरुद्ध अपनी पत्नी की दहेज हत्या का आरोप दर्ज था. मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट (Permanent Warrant) जारी किया गया था.
नाम और पता बदलकर रह रहा था आरोपी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश तेज की और तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल में नाम और पता बदलकर रह रहा था, ताकि कानून की गिरफ्त से बच सके. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है. 26 वर्षों बाद आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित मामले में न्याय की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और ऐसे अन्य मामलों में भी कार्रवाई जारी रहेगी.


