Chaibasa : राज्य के सभी नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय साव शामिल हुए. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों को प्रशासनिक कार्यों, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शहरी विकास से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी प्रदान करना है. कार्यक्रम के दौरान राज्यभर से पहुंचे अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के साथ विकासोन्मुखी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने नगर निकायों के अधिकार, कर्तव्य, वित्तीय प्रबंधन, जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन और नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन को लेकर मार्गदर्शन दिया.
अनुभव का उपयोग विकास के लिये
नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और जानकारियों का उपयोग चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनहित कार्यों को गति देने में किया जाएगा. वहीं उपाध्यक्ष विजय साव ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम से नगर निकायों के कार्यों को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी. कार्यशाला में नगर निकायों के सशक्तीकरण, सुशासन एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए. जिनमें प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई. चक्रधरपुर नगर परिषद के दोनों जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया.

ALSO READ : NEET UG री-एग्जाम पेपर लीक मामला : लखीसराय से गिरफ्तार सॉल्वर गैंग का कनेक्शन झारखंड से, छात्रा गिरफ्तार


