Ranchi : लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद झारखंड में भी कोचिंग संस्थानों और निजी शिक्षण परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. इस बीच झारखंड अभिभावक संघ ने राज्य के सभी कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और निजी शिक्षण परिसरों में सुरक्षा मानकों को अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग उठाई है. एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस संबंध में शिक्षा मंत्री को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजा है. अजय राय ने कहा है कि लखनऊ की घटना ने शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा इंतजामों की गंभीर कमी को उजागर किया है. उन्होंने मृत छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की.
क्षमता से अधिक न बैठे छात्र
ज्ञापन में सभी कोचिंग संस्थानों और निजी शिक्षण परिसरों के लिए फायर सेफ्टी एनओसी का वार्षिक नवीनीकरण, फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम, दो आपातकालीन निकास द्वार, नियमित फायर ड्रिल और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाणपत्र और क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने पर रोक की मांग की गई है.

कोचिंग संस्थानों का नियमित निरीक्षण
इसके साथ ही बिना अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और आवश्यक अनुमतियों के संचालित संस्थानों पर सख्त कार्रवाई, सभी कोचिंग संस्थानों का नियमित संयुक्त निरीक्षण, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा समन्वय की व्यवस्था और विद्यार्थियों अभिभावकों के लिए शिकायत निवारण हेल्पलाइन प्रणाली विकसित करने का भी आग्रह किया.
ALSO READ : साज की रफ्तार : स्टेट हाइवे अथॉरिटी ने बनाया सड़कों का जाल, 2400 करोड़ से अधिक की योजनाएं पूरी


