NewsWave Desk : जम्मू-कश्मीर के मामले में भारत ने एक बार फिर से पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद UNSC की एरिया फॉर्मूला बैठक में भारत ने पाकिस्तान के जम्मू-कश्मीर पर की गई टिप्पणियों को पूरी तरह खारिज कर दिया. यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और यह भारत का आंतरिक मामला है. इस दौरान हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि सह-अध्यक्ष होने के बाद भी पाकिस्तान ने एरिया फॉर्मूला बैठक का राजनीतिकरण किया. भारत के जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को लेकर गैर-जरूरी टिप्पणियां कीं. हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि पाकिस्तान ने यूएन के मंच का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है. पर्वतनेनी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर पूरी तरह भारत का आंतरिक मामला है. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पहले भी भारत का हिस्सा था, आज भी है और भविष्य में भी भारत का ही अभिन्न अंग रहेगा.
चैप्टर VII अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने से जुड़ा
इस दौरान भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हरीश पर्वतनेनी ने कहा कि चैप्टर VII अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने से जुड़ा है. इसके तहत शांति के लिए खतरा, शांति भंग होने या आक्रामकता की स्थिति में आवश्यक कदम उठाए जाते हैं. इसमें जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई और शांति सैनिकों की तैनाती जैसे उपाय भी शामिल हो सकते हैं. इसके तहत आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने पर गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं. इससे शांति व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है.

ALSO READ : CM हेमंत सोरेन आज 262 अभ्यर्थियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, 151 विशेषज्ञ चिकित्सक भी होंगे शामिल


