Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को राज्य के विभिन्न विभागों में चयनित कुल 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इसके लिए प्रोजेक्ट भवन सभागार में सुबह 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत राज्य सरकार के अन्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे. नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 वरीय अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से की गई है.
लंबे समय बाद खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति
राज्य में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों के कई पद लंबे समय से रिक्त पड़े थे. नियमित नियुक्ति होने के बाद अब खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी मामलों की निगरानी और कार्रवाई को मजबूती मिलेगी. इससे खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

विशेषज्ञ चिकित्सकों को मिलेगा अधिकतम तीन लाख रुपये मानदेय
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत अनुबंध के आधार पर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से की गई है. चयनित चिकित्सकों को उनकी पसंद और उपलब्ध विकल्पों के अनुसार पदस्थापित भी कर दिया गया है. नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान देंगे. इन चिकित्सकों को उनके द्वारा निर्धारित (कोट की गई) मानदेय राशि के अनुसार भुगतान किया जाएगा, जो अधिकतम तीन लाख रुपये प्रतिमाह तक हो सकता है.
Read Also: धूमधाम से शुरू हुआ शिवशक्ति मंदिर का वार्षिक महोत्सव, अखंड कीर्तन में उमड़े श्रद्धालु
अस्पताल और वित्त प्रबंधकों की भी हुई नियुक्ति
वरीय अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक पदों पर भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं. इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित मानदेय दिया जाएगा.
अस्पताल प्रबंधक भर्ती का इंटरव्यू 25 जून को
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अस्पताल प्रबंधक और आईटी एग्जीक्यूटिव के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है. अस्पताल प्रबंधक पद के लिए साक्षात्कार अब 25 जून को आयोजित किया जाएगा. पहले यह साक्षात्कार 24 जून को प्रस्तावित था, लेकिन नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के कारण इसकी तिथि एक दिन आगे बढ़ा दी गई है.


