Ranchi: रांची-रामगढ़ हाईवे स्थित पुंदाग टोल प्लाजा के समीप बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बुधवार की दोपहर एक डस्टर कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी कार धूं-धूं कर जल उठी और पल भर में खाक हो गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया.
टोल प्लाजा पर रुकते ही दिखा धुआं
जानकारी के अनुसार, डस्टर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 02BY-9129) पर तीन लोग सवार थे. वे सभी रामगढ़ से रांची की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी कार पुंदाग टोल प्लाजा के पास पहुंची और टोल टैक्स देने के लिए रुकी, तभी वहां तैनात टोलकर्मियों की नजर कार के बोनट से निकल रहे घने धुएं पर पड़ी. कार के अंदर बैठे लोग इस बात से बिल्कुल अनजान थे.

स्थिति की गंभीरता और खतरे को भांपते हुए टोलकर्मियों ने बिना एक पल गंवाए गजब के साहस और सूझबूझ का परिचय दिया. यदि कार टोल बूथ पर ही ब्लास्ट हो जाती, तो वहां बड़ा नुकसान हो सकता था. टोलकर्मियों ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए कार को धक्का देना शुरू किया और उसे टोल प्लाजा से करीब 100 गज दूर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया. इसके तुरंत बाद कार का दरवाजा खोलकर उसमें सवार तीनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
ALSO READ: हजारीबाग: छड़वा मैदान में 8वीं मोहर्रम पर उमड़ा जनसैलाब, इस्लामी परचमों से गूंजा इलाका


