Hazaribagh: मोहर्रम की 8वीं तारीख पर छड़वा मैदान में आस्था, परंपरा और भाईचारे का शानदार नज़ारा देखने को मिला. बालियांद, गादोखर-1, गादोखर-2, पबरा, खुटरा, दुकड़ा, हेडलाग, डांड, पिचड़ी और सुलमी समेत कई गांवों से हजारों की संख्या में लोग अपने-अपने अखाड़ों और गगनचुंबी इस्लामी परचमों के साथ मैदान पहुंचे. मैदान में पहुंचे अखाड़ों ने अपने पारंपरिक करतब, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का ध्यान आकर्षित किया. पूरे क्षेत्र में मोहर्रम की अकीदत और उत्साह का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में प्रशासन की भी अहम भूमिका रही
इस अवसर पर छड़वा मोहर्रम कमिटी के अध्यक्ष नौशाद खान उर्फ डिस्को, उपाध्यक्ष बाबर अंसारी, सचिव कमालुद्दीन इराकी एवं मो. अकमल, कोषाध्यक्ष इंतेखाक हुसैन और मीडिया प्रभारी निसार खान सक्रिय रूप से व्यवस्था संभालते नजर आए. कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष साजिद अली खान, खुटरा के मुखिया अनवारुल हक, डांड के मुखिया प्रतिनिधि इरशाद अंसारी, रोमी के मुखिया अकबर हुसैन, गादोखर गांव के बबलू अंसारी सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन की भी अहम भूमिका रही. कटकमसांडी अंचल के एडीपीओ ज्ञान रंजन, बीडीओ पूजा कुमारी तथा पेलावल थाना प्रभारी बिट्टू रजक छड़वा मैदान में मौजूद रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी. मोहर्रम के इस आयोजन ने क्षेत्र में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे का संदेश दिया. ग्रामीणों ने भी अनुशासन और शांति के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर मिसाल पेश की.

AlsoRead:गोपनीय दस्तावेज लीक मामला : विधायक सरयू राय को मिला समय, अगली सुनवाई 29 जून को


