Bokaro: दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर में सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद के तहत बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया. कार्यक्रम में जिले के चयनित 16 दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल प्रदान की गई. इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से लाभुकों की आवाजाही आसान होगी और वे अपने दैनिक कार्य अधिक स्वतंत्रता एवं क्षमता के साथ कर सकेंगे. इससे शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी.
आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना जिला प्रशासन का दायित्व है. उन्होंने बताया कि सीएसआर मद से उपलब्ध कराई गई बैटरी चालित ट्राई साइकिल उनकी गतिशीलता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होगी. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही लाभुकों से ट्राई साइकिल का सावधानीपूर्वक उपयोग और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की अपील की.

सुरक्षित संचालन की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल के सुरक्षित संचालन एवं रखरखाव से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई. प्रभारी पदाधिकारी सीएसआर सह जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
लाभुकों ने जताया आभार
ट्राई साइकिल प्राप्त करने वाले लाभुकों ने खुशी व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस सुविधा से उन्हें आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी और वे अपने कार्यों को अधिक सहजता से कर सकेंगे. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, बीपीएससीएल के सीईओ सुधीर कुमार व्यास, सीएसआर से जुड़ी संस्था के अधिकारी, लाभुक एवं उनके परिजन उपस्थित थे.
ALSO READ : मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्योग विकास बोर्ड की योजनाओं का DC ने किया निरीक्षण


