Tamar: तमाड़ थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव में सोमवार को 75 वर्षीय बुजुर्ग गोबिंद महतो की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार, गोबिंद महतो दोपहर में खेत में धान की बीज बुआई करने गए थे. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गोबिंद महतो खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़े हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल तमाड़ थाना को सूचना दी.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की. घटना की सूचना पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा के विधायक प्रतिनिधि ऋषिकेश महतो भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली.

खबर लिखे जाने तक पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई थी. वहीं हत्या की इस वारदात से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: गुमला: घाघरा में वज्रपात की चपेट में आने से 6 मवेशियों की मौत


