Chaibasa: अधीक्षक उत्पाद, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के विनिर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज झींकपानी तथा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 05 अभियोग दर्ज किए गए. झींकपानी थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ा में नदी किनारे संचालित अवैध चुलाई शराब निर्माण स्थलों पर छापेमारी कर कुल 04 भट्ठियों को पूर्णतः ध्वस्त किया गया. कार्रवाई के दौरान 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 1800 किलोग्राम जावा महुआ को घटनास्थल पर ही विनष्ट कर दिया गया. मामले में चारों भट्ठी संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए हैं.
छापेमारी में 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद
वहीं, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नरसंडा ग्राम में अवैध चुलाई शराब की बिक्री संबंधी प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त व्यक्ति के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग दर्ज किया गया है. इस प्रकार दोनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 50 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा 1800 किलोग्राम जावा महुआ विनष्ट किया गया. जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध उत्पाद विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन सरकार की पहल: झारखंड के वृद्ध, बीमार और दिव्यांग कलाकारों को हर महीने 4 हजार रुपये पेंशन


