Koderma : जिला में हाथियों का उत्पात एक बार फिर से शुरू हो गया है. बुधवार की देर रात हाथियों के झुंड ने डोमचांच प्रखंड के धुरोडीह गांव में कई घरों के बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया. वहीं, गुरुवार की अहले सुबह तेतरियाडीह गांव में एक महिला को कुचल दिया. जिससे महिला की मौत हो गयी. मृतक महिला की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय सुदामा देवी के रूप में की गई है. मृतका सुदामा देवी के भाई के अनुसार सुदामा देवी गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे खेत में टहलने गयी थी. इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हालांकि सुदामा देवी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह खेतों में गिर गई और हाथी ने उसे कुचल दिया. जानकारी हो कि दो दिन पहले हाथियों के एक झुंड ने डोमचांचं प्रखंड के गोलगो गांव में जहां गरीब किसानों के घर को ध्वस्त करते हुए उन्हें लाखों रुपए का नुकसान पहुंचाया.
अब दो दर्जन मौत
इधर हाथियों के हमले ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है. वहीं इससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो वर्षों में हाथियों के हमले में 2 दर्जन से अधिक मौतें हो चुकी हैं. इसके अतिरिक्त किसानों को लाखों का नुकसान हो चुका है. इन सब के बावजूद वन विभाग की टीम हाथियों को यहां से बाहर खदेड़ने में असक्षम है.

वन विभाग कर रहा मॉनिटरिंग
इधर रेंजर रविन्द्र कुमार ने बताया कि वन विभाग को जब से सूचना मिली है कि हाथियों का इस ओर आगमन हुआ है तब से वन विभाग की टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और हाथियों को गांव में घुसने से रोकने का प्रयास कर रही है. बीती रात भी वन विभाग की टीम ने डोमचांच के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच कर हाथियों के झुंड की खोज की जा रही थी. उन्होंने लोगों से रात में घर के बाहर सोने या ना घूमने की अपील की है.
ALSO READ : 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका, राजस्थान CET 2026 के आवेदन शुरू


