Palamu: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET-UG 2024 परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चंद्रशेखर शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर कहा कि इस मामले ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कांग्रेस ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
प्रेस वार्ता के दौरान चंद्रशेखर शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में पांच प्रमुख मांगें रखी हैं. इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री का तत्काल इस्तीफा या उन्हें पद से हटाने, प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा देने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के गठन की मांग शामिल है. उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विवादों में घिरी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को समाप्त कर किसी अन्य विश्वसनीय सरकारी संस्था के माध्यम से परीक्षाएं आयोजित कराई जानी चाहिए. साथ ही पेपर लीक के कथित नेटवर्क से जुड़े कोचिंग माफियाओं और अन्य दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.

राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज उठाई
प्रदेश महासचिव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस पूरे मुद्दे को गंभीरता से उठाया है. उन्होंने पीड़ित अभ्यर्थी प्रदीप नैनवाल के परिवार से मुलाकात कर छात्रों की चिंताओं को समझने का प्रयास किया. कांग्रेस का मानना है कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा की विफलता नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों के सपनों पर सीधा आघात है. चंद्रशेखर शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों की मेहनत और प्रतिभा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता.
सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इस मामले पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई नहीं करती, तब तक पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके.
ALSO READ : रांची : 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान, 5 लाख से ज्यादा बच्चों को दी जायेगी दवाई


