Ranchi : राजधानी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत 28 जून से होगी. यह विशेष अभियान 28, 29 और 30 जून तक चलेगा. अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक के करीब 5,05,524 बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद जीवन रक्षक दवा पिलाई जाएगी. अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले भर में बनाए गए 3893 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थय विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पायें. इसके लिए जिले के स्वास्थय संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य तय स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है.
विशेष ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती
इस संबंध में सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में पल्स पोलियो अभियान की बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थय विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर काम करेंगी. साथ ही जिला अस्पताल, हाट-बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ट्रांजिट टीमों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक दवा पहुंचाई जा सके.

अभिभावकों से अपील
सिविल सर्जन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि जिनके घर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे हैं, वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ तक जरूर ले जाएं या फिर घर पहुंचने वाली स्वास्थय टीम से बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलवाएं. उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है. जो बच्चों को आजीवन दिव्यांगता की ओर धकेल सकती है, लेकिन समय पर दी गई दो बूंद दवा से इससे बचाव संभव है.
ALSO READ : सावधान ! अगले 72 घंटे में राज्य में सक्रिय होगा मानसून, भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट


