Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को मीडिया, सोशल मीडिया प्रभारियों और प्रवक्ताओं की हाई-प्रोफाइल संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दो टूक शब्दों में कार्यकर्ताओं को अनुशासन और कर्तव्य का पाठ पढ़ाया. उन्होंने कहा कि भाजपा में पद प्रतिष्ठा बटोरने का जरिया नहीं, बल्कि संगठन की सेवा का दायित्व है. जो कार्यकर्ता जमीन पर पसीना बहाएगा और ईमानदारी से काम करेगा, वही भविष्य में नेतृत्व की कतार में आगे बढ़ेगा. उन्होंने उदाहरण दिया कि भाजपा में एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा के बल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है.

समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम
साहू ने कहा कि मीडिया, प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया विभाग पार्टी की विचारधारा और नीतियों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं. उन्होंने सभी प्रभारियों एवं प्रवक्ताओं से मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने का आग्रह किया तथा मीडिया विभाग में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा. भाजपा में पद प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का विषय है. संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण पर नजर रखता है. सभी कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं.

ALSO READ: गुमला DC की अध्यक्षता में जिला योजना विभाग की कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न
आक्रामक और सक्रिय रहने का टास्क
बैठक में आगामी 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनावी बिगुल फूंकते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रभारियों को सोशल मीडिया पर आक्रामक और सक्रिय रहने का टास्क दिया. उन्होंने हर छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचल पर पैनी नजर रखने और लक्ष्य-आधारित रणनीति पर काम करने का आह्वान किया. बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह ने भी अपने विचार रखे.
ये रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख रूप से प्रवक्ता अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज़, अशोक बड़ाईक, मृत्युंजय शर्मा, प्रकाश सिंह, शोभा यादव, मीडिया सह-प्रभारी अजय राय, सतीश सिन्हा, तारिक इमरान, नीरज सिंह, सूरज नाथ शाहदेव, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, सोशल मीडिया सह-प्रभारी रजनीश पांडेय, राहुल शाहदेव एवं प्रिया करमाली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.


