Gumla: उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला योजना विभाग की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला योजना अंतर्गत प्राप्त आवंटन, वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति, नई योजनाओं के चयन तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई.
जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया
बैठक में जानकारी दी गई कि प्राप्त आवंटन के आलोक में 91 योजनाओं का प्रशासनिक अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है. साथ ही लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से नई योजनाएं चयनित किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया. इन प्रस्तावित योजनाओं में एसीआर, पेयजल आपूर्ति, मरम्मती कार्य सहित जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया है. बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त नए प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता एवं आवश्यकता के आधार पर अंतिम रूप देकर शीघ्र स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाए.

लैम्प्स (LAMPS) संस्थाओं को सोलर आधारित प्रणाली से विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा
सहकारिता विभाग द्वारा संचालित लैम्प्स (LAMPS) संस्थाओं को सोलर आधारित प्रणाली से विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई. वहीं खेल विभाग द्वारा स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा हेतु डगआउट (Dugout) निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया. बैठक में रूर्बन मिशन अंतर्गत विभिन्न कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ डीएसपी रोड से संबंधित प्रस्ताव एवं लागत प्राक्कलन (Estimate) पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. शिक्षा विभाग से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए मूक-बधिर विद्यालय में तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई. इसके अतिरिक्त डुमरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण हेतु प्राप्त मांग के अनुमोदन पर भी चर्चा की गई.
मशरूम की खेती को बढ़ावा देने की योजना पर विस्तार
कृषि एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में एक हजार किसानों के बीच मशरूम की खेती को बढ़ावा देने की योजना पर विस्तार से विचार किया गया. स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रस्तावों में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के एप्रोच पथ निर्माण की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई. बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की जिला योजना योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
शहरी विकास से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा
शहरी विकास से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा के क्रम में जशपुर रोड क्षेत्र में ऑटो पार्किंग जोन एवं ग्रीन जोन विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई, ताकि शहर की आधारभूत सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाया जा सके. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि स्वीकृत एवं प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए.
ये शामिल रहें
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला मत्स्य पदाधिकारी कुसुम लता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी (पीएचईडी), जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता बलि उरांव, नगर परिषद के सहायक अभियंता, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहें.
AlsoRead:EX CM चंपाई सोरेन अस्पताल में भर्ती, कहा, जल्द ही आप सभी के बीच लौटूंगा


