Jamtara: झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गुरुवार को नारायणपुर प्रखंड के मुरलीपहाड़ी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और मुरलीपहाड़ी चौक पर भाजपा का झंडातोलन किया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रत्येक चौक-चौराहे और घरों पर भाजपा का झंडा लगाया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि जहां भाजपा का झंडा रहेगा, वह स्थान जनसेवा और सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा. किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को यदि कोई समस्या होगी तो वह वहां पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकेगा.

कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी होगी कि वे आम लोगों की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करें. पार्टी का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है.

बाबूलाल मरांडी ने मुरलीपहाड़ी और नारायणपुर क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मुरलीपहाड़ी में केवल एक छोटी-सी दुकान हुआ करती थी, जहां मुढ़ी मिलती थी. आज यह क्षेत्र एक विकसित बाजार के रूप में पहचान बना चुका है, जो क्षेत्र के विकास को दर्शाता है.
संगठन मजबूती पर दिया जोर

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी उनके समक्ष रखे, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो, जामताड़ा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ALSO READ : चाईबासा ब्लड बैंक कांड: मामले में दो आरोपियों को अग्रिम जमानत


