Koderma: राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के तहत समाहरणालय सभागार में जिला तम्बाकू नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया. बैठक में तम्बाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA)-2003 तथा कोटपा (झारखंड संशोधन) अधिनियम-2021 के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है. साथ ही अधिनियम में किए गए नए संशोधनों की जानकारी संबंधित विभागों एवं हितधारकों तक पहुंचाना है.
होटलों और रेस्टोरेंट में ‘नो स्मोकिंग’ बोर्ड अनिवार्य
उपायुक्त ने जिले के सभी होटल, रेस्टोरेंट और प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने संस्थानों में निर्धारित मानक के अनुसार “नो स्मोकिंग एरिया” का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं. नियमों का पालन नहीं करने पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी दुकानदार द्वारा खुली सिगरेट की बिक्री किए जाने पर कोटपा (झारखंड संशोधन) अधिनियम-2021 के तहत 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही चिप्स, बिस्किट, कैंडी जैसे खाद्य उत्पादों के साथ तम्बाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया.

100 मीटर दायरे में तम्बाकू सेवन और थूकना प्रतिबंधित
जिला तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परामर्शी दीपेश कुमार ने बताया कि सरकारी कार्यालय, न्यायालय परिसर, विद्यालय और अस्पताल के 100 मीटर की परिधि में तम्बाकू उत्पादों का सेवन या थूकना प्रतिबंधित है. नियमों के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्ति से 1000 रुपये तक का जुर्माना वसूला जा सकता है. उपायुक्त ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और ग्राम पंचायतों को तम्बाकू मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तम्बाकू नियंत्रण कानूनों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर प्रशासक झुमरी तिलैया, नगर पंचायत कोडरमा के प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
ALSO READ : रांची में निगम का एक्शन: बरियातू रोड और डोरंडा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, गुमटी-ठेले जब्त


