Asansol: पूर्व रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों के कल्याण के लिए रानीगंज और आसनसोल में दो नए अत्याधुनिक आरपीएफ बैरकों का उद्घाटन किया. रानीगंज में 20 बेड क्षमता वाले पुरुष बैरक का नाम “शहीद मोहम्मद जावेद खान बैरक” तथा आसनसोल में महिला बैरक का नाम “शहीद अरुण कुमार सिंह महिला बैरक” रखा गया है.

शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
इन बैरकों का उद्घाटन पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सीमा देऊस्कर ने महाप्रबंधक मिलिंद देऊस्कर की उपस्थिति में किया. कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. इस अवसर पर शहीद मोहम्मद जावेद खान की पत्नी शमीमा खान और शहीद अरुण कुमार सिंह की पत्नी उमा देवी सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि बैरकों का नामकरण शहीदों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और रेलवे सुरक्षा में उनके योगदान को स्थायी सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है.

रानीगंज यार्ड के पुनर्विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया. वहीं महाप्रबंधक ने रानीगंज यार्ड के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आधुनिकीकरण से माल परिवहन क्षमता बढ़ेगी और रेल परिचालन अधिक सुगम एवं प्रभावी होगा.



