Giridih: गिरिडीह जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से गिरिडीह शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों से बचने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
प्रशासनिक टीम ने स्थानीय लोगों से किया संवाद
फ्लैग मार्च शहर के बड़ा चौक से शुरू हुआ और मुस्लिम बाजार, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक, अंबेडकर चौक, नेताजी चौक होते हुए पंचंबा तक पहुंचा. इस दौरान पुलिस बल के जवानों और अधिकारियों की मौजूदगी ने लोगों के बीच सुरक्षा का संदेश पहुंचाया. शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए प्रशासनिक टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया तथा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने किया. दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है. उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में की जाएगी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और आपसी सम्मान का भी प्रतीक है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की, कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट जानकारियों से बचना चाहिए और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि प्रशासन या पुलिस से करनी चाहिए. वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया, कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है. जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके. उन्होंने कहा कि पुलिस की नजर सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी रहेगी और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि मोहर्रम के जुलूस और अन्य धार्मिक गतिविधियों के दौरान यातायात, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा, कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें.
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र प्रसाद साह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितवाहन उरांव, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी-1 नीरज सिंह, डीएसपी-2 आर.के. राणा, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पंचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. फ्लैग मार्च में शामिल अधिकारियों और जवानों ने शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर लोगों को शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया.
अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य सभी समुदायों के लोगों के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है.
फ्लैग मार्च के समापन पर अधिकारियों ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की, कि वे भाईचारे और आपसी विश्वास की परंपरा को मजबूत बनाए रखें तथा प्रशासन के साथ मिलकर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की इस पहल को लोगों ने सकारात्मक कदम बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाएंगे BLO, साथ में होगा मैपिंग का भी कार्य


