Koderma: जिले के डोमचांच प्रखंड के नवलशाही थाना क्षेत्र के पुरनाडीह चौक पर गुरुवार शाम एक मछली की गुमटीनुमा दुकान में आग लगने की घटना सामने आई है. घटना की जानकारी देते हुए दुकान संचालक रंजीत मेहता, निवासी फुलवरिया, ने बताया कि वह घर की ओर थे. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लगी है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां दुकान से धुआं निकल रहा था. देखते ही देखते आग ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया.
एक लाख रुपये के नुकसान की आशंका
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और मोटर की मदद से आग पर काबू पाया. पीड़ित ने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्वों ने दुकान में आग लगाई है. उन्होंने बताया कि इस आगलगी में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. उनका कहना है कि जमीन विवाद के कारण मछली की यह दुकान पिछले तीन से चार वर्षों से बंद पड़ी थी. दुकान के अंदर रेफ्रिजरेटर समेत कई उपकरण और अन्य सामान रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए.

पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना नवलशाही पुलिस को दे दी गई है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. वहीं सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने कचरे में आग लगाई थी, जो तेज हवा के कारण बंद दुकान तक पहुंच गई और आग लग गई.


