Chakradharpur: आगामी 26 एवं 27 जून को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान (जिला वर्ग) की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण वर्ग की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा पर हुई चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री एवं चक्रधरपुर जिला प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के विचारों को कार्यकर्ताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया.

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान जिला वर्ग के प्रभारी राकेश भास्कर ने प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा एवं विभिन्न सत्रों की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की.
ALSO READ: पाकर टांड़ पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के फरार जोनल कमांडर के घर चिपकाए इश्तेहार
विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा, जिम्मेदारियां सौंपी गईं
बैठक के दौरान प्रशिक्षण वर्ग से संबंधित आवास, भोजन, पंजीकरण, मंच व्यवस्था, अनुशासन, स्वागत, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. विभिन्न दायित्वों का वितरण करते हुए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रशिक्षण वर्ग को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया. बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, कोषाध्यक्ष सुरेश साव, जिला महामंत्री तिरथ जामुदा समेत जिले के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


