Click Here
Click Here
Click Here

चाईबासा: विधायक व उपायुक्त ने की गुदड़ी में विकास योजनाओं की समीक्षा, नशामुक्त और मलेरिया मुक्त अभियान पर जोर

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सुदूरवर्ती एवं आकांक्षी प्रखंड गुदड़ी में आज मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी एवं उपायुक्त मनीष...

Gudri block
बर्तन बैंक का किया गया शुभारंभ

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सुदूरवर्ती एवं आकांक्षी प्रखंड गुदड़ी में आज मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र के समग्र विकास, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आजीविका संवर्धन से संबंधित विभिन्न विषयों पर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा की. इस अवसर पर पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, प्रखंड प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधिगण, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.

लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया गया जागरूक

सबसे पहले प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक जगत माझी के नेतृत्व में उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नशामुक्त पश्चिमी सिंहभूम तथा मलेरिया मुक्त गुदड़ी के निर्माण का संकल्प लिया. इस अवसर पर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को नशे की प्रवृत्ति से मुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया गया. साथ ही मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वच्छता, नियमित जांच, मच्छरदानी के उपयोग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया.

इस दौरान विधायक एवं उपायुक्त ने कहा, कि पश्चिमी सिंहभूम को नशामुक्त जिला बनाने का संकल्प केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जनआंदोलन है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, शिक्षकों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक समाज ही विकास की मजबूत नींव रख सकता है.

दीदी कैफे की संचालिकाओं के बीच आवश्यक सामग्री का किया गया वितरण

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करते हुए दीदी कैफे की संचालिकाओं के बीच डिनर सेट, बर्तन सेट, इंडक्शन चूल्हा एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया. इस अवसर पर पदधिकारियों ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, कि दीदी कैफे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का एक सफल मॉडल बन रहा है.

इसके उपरांत क्लस्टर स्तरीय संघ द्वारा संचालित बर्तन बैंक का विधिवत शुभारंभ किया गया. बताया गया कि बर्तन बैंक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु आवश्यक बर्तनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा तथा स्वयं सहायता समूहों के लिए आय सृजन का एक नया माध्यम विकसित होगा. अधिकारियों ने इस पहल को सामुदायिक संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

विकास संबंधी आवश्यकताओं पर की गई चर्चा

प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक के दौरान पदाधिकारियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों के साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में ग्रामीणों ने दूरसंचार एवं नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या को प्रमुखता से उठाया. इस पर विधायक एवं उपायुक्त ने कहा कि गुदड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी आज विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है. उन्होंने संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित कर नेटवर्क संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु समेकित प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया.

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया, कि गुदड़ी आकांक्षी प्रखंड होने के कारण यहां सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन प्राथमिकता के आधार पर करें तथा आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय एवं कैंप कार्यालय का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो सके.

28 जून को आयोजित पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर चर्चा

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान आगामी 28 जून को आयोजित पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई. विधायक एवं उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने की अपील करते हुए कहा, कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने घर-घर संपर्क एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए.

स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल देते हुए पदाधिकारियों को आमजनों के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही आयुष विभाग के माध्यम से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा आधारित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही गई. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी बनाई जा सकती है.

कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित योजनाओं की भी की गई समीक्षा

बैठक के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई. किसानों को जानकारी दी गई कि लैम्पस के माध्यम से 50 प्रतिशत अनुदान पर धान बीज उपलब्ध कराया जा रहा है. विधायक एवं उपायुक्त ने किसानों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा, कि गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग से कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि होगी. उन्होंने कृषि विभाग को किसानों के बीच योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा, कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा एवं आवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग बनाए रखने की अपील की.

आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन पश्चिमी सिंहभूम को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया, कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए. उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों तक प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों को विभिन्न विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, जनसमस्याओं के त्वरित निवारण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए.

यह भी पढ़ें: पाकर टांड़ पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के फरार जोनल कमांडर के घर चिपकाए इश्तेहार

add1

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *