चतरा: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में मिट्टी खुदाई और समतलीकरण कार्य में लगे एक ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में युवक की मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना चंदरी गोविंदपुर पंचायत के अनंतपुर गांव स्थित टोंगरी पहाड़ी टोला की बताई जा रही है.

मिट्टी उठाकर लौट रही ग्रेडर मशीन ने मारी टक्कर
ग्रामीणों के अनुसार बिहार में चल रहे एक्सप्रेसवे सड़क निर्माण कार्य के लिए सीमावर्ती झारखंड से मिट्टी का नियमविरुद्ध उठाव किया जा रहा है. इसी दौरान मिट्टी लेकर वापस लौट रही ग्रेडर मशीन ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
घटना के बाद ग्रामीणों में फूटा गुस्सा
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. आक्रोशित भीड़ ने ग्रेडर मशीन के चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. हालांकि स्थानीय बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह चालक को भीड़ के चंगुल से बचाया जा सका. बाद में घायल चालक को प्रतापपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
Also Read: संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही हेमंत सरकार : प्रतुल शाहदेव
मुआवजे और कार्रवाई की मांग
ग्रामीण मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिहार में संचालित सड़क निर्माण कार्य के लिए झारखंड के सीमावर्ती और सुदूर गांवों से अवैध रूप से मिट्टी उठाने का काम किया जा रहा है, जिसका कई बार ग्रामीणों द्वारा विरोध भी किया गया है.
चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने ग्रेडर मशीन चालक पर हेडफोन लगाकर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है. फिलहाल ग्रेडर मशीन में मृतक का शव और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल फंसी हुई है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आक्रोशित भीड़ को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रही है. मौके पर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

