Ranchi: राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र के अमिठिया नगर में सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर स्वीकृत योजना के विपरीत कार्य करने, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और निजी रैयती जमीन पर पुलिया निर्माण कराने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि अमिठिया नगर में सड़क निर्माण के साथ नए पुलिया का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन ठेकेदार केदार गोप नया पुलिया बनाने के बजाय पुराने पुलिया की मरम्मत कर रहे हैं. पहले जहां ह्यूम पाइप के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था थी, उसी स्थान पर मरम्मत कर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.
घटिया सामग्री और अनियमितता का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में स्वीकृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) के विपरीत घटिया गिट्टी, बालू और सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है. उनका कहना है कि इससे पुलिया की गुणवत्ता प्रभावित होगी और भविष्य में इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहेगा.

ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत पुलिया का निर्माण मुख्य रास्ते पर होना था, लेकिन ठेकेदार किसी व्यक्ति की निजी रैयती जमीन पर पुलिया बना रहे हैं. जमीन मालिक के विरोध के बावजूद निर्माण कार्य जारी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में जमीन पर मकान बनने की स्थिति में यह पुलिया बेकार साबित होगी.
सड़क निर्माण की दिशा बदलने का भी आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना के अनुसार सड़क निर्माण एसएस हाइट से ओम रेजीडेंसी अपार्टमेंट होते हुए देवेंद्र सिंह के घर तक होना था, लेकिन ठेकेदार ने उल्टी दिशा से पीसीसी ढलाई शुरू कर दी है. लोगों ने जिला परिषद से मामले की जांच कर स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार नया पुलिया और सड़क निर्माण कराने की मांग की है. आरोपों पर ठेकेदार केदार गोप ने कहा कि पुलिया पहले से मौजूद था और उसी का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सड़क निर्माण कार्य से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है.


