Ranchi: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों में होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसका मकसद अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और स्कूल से जुड़ी अन्य बातों पर चर्चा करना है. इस साल पहली PTM 29 जून से 4 जुलाई तक सुबह 9 बजे से 12 बजे तक होगी. दूसरी PTM 7 से 12 सितंबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. तीसरी PTM 7 से 12 दिसंबर तक सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक और चौथी PTM 25 से 30 मार्च 2027 तक सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक होगी.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में बच्चों की पढ़ाई की प्रगति, नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में आ रही समस्याओं पर अभिभावकों से चर्चा की जाएगी. जिन बच्चों की पढ़ाई कमजोर है, उनके लिए सुधार की योजना बनाई जाएगी. इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने और 5 से 18 साल तक के सभी बच्चों का स्कूल या आंगनबाड़ी में नामांकन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा.

JEPC ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि PTM में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC), माता समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए. साथ ही ज्यादा से ज्यादा अभिभावकों की मौजूदगी के लिए पहले से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है.
3,485 स्कूलों में चलेगा विशेष नामांकन अभियान
विभाग ने राज्य के 3,485 उच्च प्राथमिकता वाले विद्यालयों में स्कूल से बाहर बच्चों के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाने का फैसला किया है. इसका उद्देश्य ऐसे बच्चों को फिर से शिक्षा से जोड़ना है. PTM के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य के 35,091 सरकारी विद्यालयों को 200 रुपये दिए जाएंगे. विभाग ने निर्देश दिया है कि PTM के बाद खर्च का पूरा विवरण समय पर प्रबंध पोर्टल पर अपलोड किया जाए.
ALSO READ: हूल दिवस को भव्य तरीके से मनाएगी BJP, 9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन


