FIFA World Cup 2026: फुटबॉल विश्वकप का 15वां दिन कई बड़े उलटफेर और ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बना. इक्वाडोर ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराकर नॉकआउट में जगह बना ली. आइवरी कोस्ट ने कुरासाओ को 2-0 से हराकर पहली बार विश्वकप के नॉकआउट दौर में प्रवेश किया. वहीं शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर ग्रुप एफ में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि जापान और स्वीडन के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर छूटा. इस नतीजे के साथ जापान और स्वीडन, दोनों अगले दौर में पहुंच गए. वहीं, ग्रुप डी में तुर्किये और अमेरिका के बीच मुकाबला आखिर तक रोमांच से भरपूर रहा और अंत में इंजरी टाइम में तुर्किये ने विजयी गोल दागकर 3-2 से शानदार जीत दर्ज की. पराग्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ.

जर्मनी को इक्वाडोर ने चौंकाया
विश्व फुटबॉल की सबसे सफल टीमों में शामिल जर्मनी को टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा. ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए मुकाबले में इक्वाडोर ने शानदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत जर्मनी के लिए शानदार रही. दूसरे ही मिनट में लेरॉय साने ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी. ऐसा लगा कि जर्मनी एक और आसान जीत की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इक्वाडोर ने घुटने नहीं टेके. नौवें मिनट में निल्सन एंगुलो ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. मैच का सबसे अहम पल 77वें मिनट में आया, जब गोंजालो प्लाटा ने कॉर्नर से मिले मौके को गोल में बदल दिया. यही गोल इक्वाडोर की ऐतिहासिक जीत का कारण बना.

यह भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन ने पोखराहा-जोड़ हादसों पर लिया संज्ञान
आइवरी कोस्ट नॉकआउट में पहुंचा
फिलाडेल्फिया में खेले गए मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने कुरासाओ को 2-0 से हराकर इतिहास रच दिया. टीम के स्टार फॉरवर्ड निकोलस पेपे ने दोनों गोल किए. पहला गोल सातवें मिनट में आया, जबकि दूसरा 64वें मिनट में करके उन्होंने जीत पक्की कर दी. चार विश्वकप खेलने के बावजूद आइवरी कोस्ट इससे पहले कभी ग्रुप स्टेज पार नहीं कर पाया था. इस बार टीम ने आखिरकार यह सपना पूरा कर लिया. जीत के बाद खिलाड़ी मैदान पर घुटनों के बल बैठ गए और आसमान की ओर एक अंगुली उठाकर जश्न मनायाय यह इशारा उनके पहले नॉकआउट क्वालिफिकेशन का प्रतीक था.

कुरासाओ का सफर खत्म, जीत लिया दिल
करीब डेढ़ लाख आबादी वाले कैरेबियाई देश कुरासाओ ने पहली बार विश्वकप खेला और शानदार जुझारूपन दिखाया. टीम नॉकआउट में नहीं पहुंच सकी, लेकिन खिलाड़ियों के संघर्ष की हर ओर सराहना हुई. गोलकीपर एलॉय रूम ने कहा कि उनकी टीम ने दुनिया को दिखा दिया कि छोटे देश भी बड़े मंच पर मुकाबला कर सकते हैं.
नीदरलैंड्स ने ग्रुप में हासिल किया शीर्ष स्थान
ग्रुप एफ में शुक्रवार को नीदरलैंड्स ने ट्यूनीशिया को 3-1 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. नीदरलैंड्स ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. नीदरलैंड्स का अब 29 जून को ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर रहने वाली मोरक्को की टीम से सामना होगा. यह मुकाबला मोंटेरी में खेला जाएगा. विश्व कप इतिहास के अपने 58 मुकाबलों में यह पहली बार था, जब नीदरलैंड्स ने किसी मैच के शुरुआती सात मिनट के भीतर दो गोल किए. मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ब्रायन ब्रॉबी (नीदरलैंड्स) रहे.

जापान और स्वीडन के बीच मैच ड्रॉ
ग्रुप एफ का दूसरा मुकाबला जापान और स्वीडन के बीच 1-1 से ड्रॉ रहा. पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं. 56वें मिनट में दाइजन माएदा ने जापान को बढ़त दिलाई, लेकिन स्वीडन ने हार नहीं मानी. 62वें मिनट में एंथनी एलांगा ने बराबरी का गोल कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी विजयी गोल नहीं कर सका. इस ड्रॉ के बाद जापान दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले यानी नॉकआउट दौर में पहुंच गया. जापान पहली बार विश्व कप के ग्रुप चरण में बिना कोई मैच हारे अगले दौर में पहुंचा. वहीं, इस नतीजे ने स्वीडन को भी आठ सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में शामिल करते हुए अगले दौर का टिकट दिला दिया. पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी ट्यूनीशिया को हराकर नीदरलैंड्स ने ग्रुप F में शीर्ष स्थान हासिल किया. इसके साथ ही दूसरे स्थान पर रहने वाले जापान को राउंड ऑफ 32 में ग्रुप सी की विजेता ब्राजील से भिड़ना होगा.

यह भी पढ़ें: RIMS विवाद पर सरयू राय का सरकार पर सीधा हमला, बोले- हाईकोर्ट से राहत मिलने पर भी नहीं रुका उत्पीड़न
अमेरिका को हराकर तुर्किये ने किया उलटफेर
ग्रुप डी के आखिरी मुकाबलों में तुर्किये ने टूर्नामेंट से विदाई लेते हुए मेजबान अमेरिका को 3-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया. अर्दा गुलर, बारिस अल्पर यिलमाज और इंजरी टाइम में काआन आयहान ने तुर्किये के लिए गोल किए, जबकि अमेरिका की ओर से ऑस्टन ट्रस्टी और सेबास्टियन बेरहाल्टर ने गोल दागे. आयहान ने इंजरी टाइम (90+8वें मिनट) में गोल दागा. उनके गोल के तुरंत बाद रेफरी ने मैच खत्म करने का एलान किया. इस जबरदस्त रोमांच वाले मैच के बाद तुर्किये के फैंस ने आक्रामक तरीके से जीत का जश्न मनाया. वहीं, ग्रुप का दूसरा मुकाबला पराग्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ. इस ड्रॉ के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टीम नॉकआउट में पहुंच गई. वहीं, पराग्वे को इंतजार करना होगा. इसके बावजूद अमेरिका छह अंकों के साथ ग्रुप डी में शीर्ष पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गया.



