Dhanbad: धनबाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण और मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर जुलाई महीने में बेहतर प्रदर्शन किया है. पुलिस ने जुलाई माह में दर्ज नए मामलों की तुलना में पुराने और नए मामलों को मिलाकर कुल 112 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया. जुलाई महीने में जिले के विभिन्न थानों में कुल 445 नए कांड दर्ज किए गए थे. इसके मुकाबले धनबाद पुलिस ने कुल 501 मामलों का निष्पादन किया. नए मामलों से अधिक संख्या में मामलों के निष्पादन के कारण निष्पादन दर 112 प्रतिशत तक पहुंच गई.
लंबित मामलों में आई 56 कांडों की कमी
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जिले में लंबित मामलों की संख्या में भी कमी आई है. आंकड़ों के मुताबिक, जून महीने तक जिले में कुल 1,796 मामले लंबित थे. जुलाई माह की समाप्ति के बाद यह संख्या घटकर 1,740 रह गई. इस तरह कुल 56 लंबित कांडों की कमी आई है. इस सफलता के बाद धनबाद पुलिस ने आगामी दिनों के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किया है. पुलिस प्रशासन का संकल्प है कि अगले दो महीनों में कड़ी मेहनत और त्वरित जांच के जरिए लंबित मामलों की संख्या को 1,600 से नीचे लाया जाएगा. ‘आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प’ के साथ धनबाद पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में काम कर रही है.
