Chakradharpur: छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत बंद का चक्रधरपुर शहर में व्यापक असर देखने को मिला. भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, भाजपा नेत्री मालती गिलुवा एवं जिला कोषाध्यक्ष सुरेश साहू के नेतृत्व में भाजपाइयों ने शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों से बंद को सफल बनाने की अपील की. इसके बाद शहर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने NH-75 मुख्य मार्ग को किया जाम
भाजपा कार्यकर्ताओं ने NH-75 मुख्य मार्ग पर बैठकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं के साथ कथित लाठीचार्ज की घटना का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि छात्र-छात्राओं के साथ भाजपा अन्याय नहीं होने देगी और उनके अधिकारों के लिए पार्टी उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि यह बंद झारखंड सरकार के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि सरकार जल्द से जल्द छात्र-छात्राओं के हित में उचित निर्णय ले. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बंदी को लेकर चक्रधरपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती. हालांकि, बंद के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और बंदी पूरी तरह शांतिपूर्ण रही.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में व्यापक असर, BJP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन

