Koderma: हजरत इमाम हुसैन के शहादत दिवस के रूप में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच शुक्रवार को मुहर्रम मनाया जा रहा है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने शहर व गांव के विभिन्न मार्गों पर ताजिए के साथ प्रदर्शन करते हुए करतब दिखाए एवं कर्बला के मैदान पहुंचकर पंचमी की मिट्टी दफनाई तथा मातम मनाया.
अखाड़ों के करतब बने आकर्षण
ताजियों की भव्यता और मातम के प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न अखाड़ों द्वारा पेश किए जा रहे करतबों की एक झलक देखने के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा. सड़कों के दोनों किनारों के साथ-साथ छतों पर भी बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने मुहर्रम का लुत्फ उठाया. जुलूस में शामिल अखाड़ों के लोगों ने पारंपरिक हथियारों तथा लाठी, तलवार, फरसा आदि का प्रदर्शन किया.

जिलेभर में निकले जुलूस
कोडरमा जिले के कोडरमा सदर थाना क्षेत्र, तिलैया थाना क्षेत्र, डोमचांच थाना क्षेत्र, नवलशाही थाना क्षेत्र, जयनगर, मरकच्चो, सतगावां, चंदवारा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में ढोल-बाजों के साथ दर्जनों अखाड़ों और भारी संख्या में लोगों ने जुलूस में भाग लिया.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस मौके पर विधि-व्यवस्था संधारण की दिशा में बड़े पैमाने पर दंडाधिकारियों के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.


