Palamu: पलामू के मेदिनीनगर स्थित पोखराहा और जोड़ के पास फोरलेन सड़क पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. एक सप्ताह के भीतर चार लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था. विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और पुलिस कैंप को भी नुकसान पहुंचाया. हालात संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
फोरलेन पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने पलामू के उपायुक्त और राज्य के सड़क परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ को निर्देश दिया कि फोरलेन पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए.

दुर्घटना संभावित बन चुका है इलाका
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. सड़क पर चेतावनी संकेतक, पर्याप्त रोशनी और अन्य सुरक्षा सुविधाओं की कमी के कारण रात के समय हादसों का खतरा और बढ़ जाता है. तेज रफ्तार वाहनों की वजह से यह इलाका दुर्घटना संभावित बन चुका है.
ग्रामीणों ने सरकार से यह मांगे की
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि फोरलेन पर हाईमास्ट लाइट, स्पीड कंट्रोल के लिए रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड कैमरे, स्पष्ट संकेतक और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था जल्द की जाए, ताकि आगे किसी परिवार को अपनों को खोने का दर्द न झेलना पड़े.
Also Read: कोडरमा में कथित धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, आधा दर्जन लोग हिरासत में


