Simdega: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के देवनदी से मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. महिला की हत्या कर शव नदी में फेंका गया था. प्रेस वार्ता में सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनदी पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था. शव को देखने से पुलिस ने आशंका जताई थी कि महिला को बेहरमी से मारकर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी किनारे फेंक दिया गया. शव का पोस्टमार्टम कराया गया था. इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कोलेबिरा थाना कांड संख्या 34/2026 के तहत मामला दर्ज किया था.

एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी
मामले में एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमडेगा धर्मदेव पासवान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. विशेष टीम ने जांच पड़ताल के बाद महिला की पहचान ललित देवी के रुप में की. अनुसंधान के क्रम में पता चला कि महिला की हत्या कर शव नदी में फेंका गया. घटना में संलिप्त आरोपी मोनू कुमार उर्फ मोनू साहू को पुलिस ने दबोच लिया. आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
यह भी पढ़ें: RIMS निदेशक के 22 बिंदुओं वाले पत्र की हो जांच, CM दें जवाब: सरयू राय


