Delhi/Ranchi: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई, जब रांची जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E2614) में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई. इस खराबी के कारण यात्रियों को घंटों तक विमान के अंदर ही बंधक जैसी स्थिति में बैठना पड़ा. सबसे ज्यादा परेशानी तब खड़ी हुई जब विमान का एसी भी बंद कर दिया गया, जिससे उमस और भीषण गर्मी में यात्रियों का दम घुटने लगा.
बंद AC में तड़पते रहे यात्री, मैगजीन से की हवा
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, फ्लाइट को अपने निर्धारित समय पर उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी का हवाला देकर उसे रोक दिया गया. इस दौरान यात्रियों को विमान से उतारने के बजाय करीब दो से तीन घंटे तक अंदर ही बैठाए रखा गया. गर्मी इतनी बढ़ गई कि विमान के अंदर का तापमान असहनीय हो गया. सोशल मीडिया पर आए कुछ वीडियो और तस्वीरों में यात्री बेहद परेशान दिखे. कोई अपनी सीट पॉकेट में रखी मैगजीन (पत्रिका) से हवा करता नजर आया, तो कोई कपड़ों से खुद को राहत देने की कोशिश कर रहा था. बच्चों और बुजुर्गों की हालत गर्मी के कारण सबसे ज्यादा खराब थी.

यात्रियों का फूटा गुस्सा, जमकर हुआ हंगामा
काफी देर तक जब एयरलाइन के कर्मचारियों की तरफ से कोई ठोस समाधान नहीं मिला और न ही यात्रियों को बाहर निकलने दिया गया, तो यात्रियों का सब्र का बांध टूट गया. यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के सामने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और विमान के अंदर ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया. यात्रियों का कहना था कि बिना एसी के बंद केबिन में उन्हें इस तरह रखना अमानवीय है और इससे किसी की तबीयत भी बिगड़ सकती थी. बढ़ते हंगामे और यात्रियों के भारी विरोध को देखते हुए इंडिगो प्रशासन हरकत में आया. इसके बाद विमान के दरवाजे खोले गए और एप्रन बसों (हवाई अड्डे की बसों) को बुलाया गया. सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारकर टर्मिनल वापस लाया गया.
यह भी पढ़ें: डैम से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद, मां ने जताई हत्या की आशंका


