Manish Bhardwaj
Ranchi: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष नटवा हांसदा को राजधानी रांची के धुर्वा सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है. भवन निर्माण विभाग ने आदेश जारी करते हुए क्वार्टर संख्या एफ-47 उनके नाम आवंटित कर दिया है. आवंटन के बाद वह इसी महीने की शुरुआत में नए आवास में शिफ्ट भी हो चुके हैं.

धुर्वा सेक्टर-2 के वीआईपी इलाके में मिला आवास
धुर्वा सेक्टर-2 राजधानी का प्रमुख वीआईपी इलाका माना जाता है, जहां मंत्रियों, विधायकों और कई वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं. यह क्वार्टर पहले राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री नीरा यादव के पास था. उनके आवास खाली करने के बाद से यह मकान खाली पड़ा था.
ALSO READ: भाजपा झूठ, अफवाह और चरित्र हनन की राजनीति बंद करे: कांग्रेस
प्रशासनिक कार्यों के संचालन में मिलेगी सुविधा
नटवा हांसदा के जैक अध्यक्ष बनने के बाद परिषद की कार्यप्रणाली में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं. बोर्ड परीक्षाओं, परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े कई बदलावों पर काम किया गया है. अब सरकारी आवास मिलने से उनके प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी. झारखंड एकेडमिक काउंसिल राज्य में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम जारी करने और शैक्षणिक नीतियों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाने वाली प्रमुख संस्था है.


