-
रावताड़ा न्यू बस स्टैंड से उभर ब्रिज रोड पर रोज देर रात चलती है पार्टी, बढ़ रहे सड़क हादसे
-
स्थानीय लोगों में नाराजगी, कहा- “शाम ढलते ही शुरू हो जाती है शराब पार्टी”
Saraikela: चांडिल-पुरुलिया-धनबाद जाने वाले NH-32 बायपास की सूरत इन दिनों बिगड़ती जा रही है. रावताड़ा न्यू बस स्टैंड से उभर ब्रिज जाने वाली सड़क के किनारे बीयर और शराब की खाली बोतलों की लंबी कतार लगी हुई है. यह मंजर साफ जाहिर करता है कि यह इलाका शराबियों का अड्डा बन चुका है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यहां प्रतिदिन देर रात तक शराब पार्टी चलती है. रावताड़ा न्यू बस स्टैंड से उभर ब्रिज तक जाने वाली यह सड़क रात होते ही शराबियों के जमावड़े में तब्दील हो जाती है. सड़क किनारे जगह-जगह बीयर की बोतलें, पानी के पाउच और डिस्पोजल गिलास बिखरे पड़े हैं.
यह भी पढ़ें: प्राकृतिक खेती से ही समृद्ध होगा किसान, विश्व गुरु बनने का रास्ता भी कृषि से होकर गुजरता है: स्वामी भावेशानंद

आए दिन होते हैं हादसे
ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की हालत में गाड़ी चलाने के कारण इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. तेज रफ्तार और नशे के कारण कई लोग घायल हो चुके हैं. ग्रामीणों ने कहा- “शाम होते ही यहां गाड़ियां लग जाती हैं. देर रात तक तेज म्यूजिक और शराब पार्टी चलती है. बोतलें सड़क पर ही फेंक देते हैं. नशे में गाड़ी चलाते हैं तो एक्सीडेंट होता है. हम लोगों को शाम के बाद इस रोड से निकलने में डर लगता है. परिवार के साथ जाना मुश्किल हो गया है.” यह NH-32 बायपास चांडिल को पुरुलिया और धनबाद से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है. भारी वाहनों का भी दबाव रहता है. ऐसे में सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग करना बड़े हादसे को न्योता दे रहा है.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा सदर अस्पताल गेट पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस शिनाख्त में जुटी

पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस रोड पर रात्रि गश्ती बढ़ाने और शराबियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते रोक नहीं लगी तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है. NH-32 जैसी व्यस्त सड़क का शराबियों का अड्डा बन जाना चिंता का विषय है. खाली बोतलों का अंबार और बढ़ते हादसे पुलिस के लिए चेतावनी हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस पर कब तक लगाम लगाती है.


