Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की बैठक रांची में राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे की अध्यक्षता में हुई. बैठक में 6 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले “छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह” की तैयारियों की समीक्षा की गई. इस समारोह में सीबीएसई, आईसीएसई और जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम में राज्यभर से हजारों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. बैठक में प्रमाण-पत्र, मेडल, मंच संचालन, पंजीकरण, अतिथियों के स्वागत, मीडिया समन्वय और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों सहित सभी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
यह भी पढ़ें: 29 जून को 3 मेमू पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द, ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण लिया गया निर्णय

मेहनत और प्रतिभा का होगा सम्मान : आलोक कुमार दुबे
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सफलता का उत्सव है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष झारखंड के निजी विद्यालयों के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया है और राज्य के तीन विद्यार्थियों ने नेशनल टॉपर बनकर झारखंड का नाम रोशन किया है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ और आर्थिक सहायता मिले, ताकि पैसों की कमी के कारण किसी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो.
कोचिंग संस्थानों की जांच की मांग
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि कुछ कोचिंग संस्थान नॉन-स्कूलिंग को बढ़ावा देकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से ऐसे संस्थानों की जांच कराने और भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, DC ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’ खुराक
सम्मान से बढ़ता है छात्रों का आत्मविश्वास
पासवा के उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक सम्मान उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित करता है. बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जुलाई का छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह भव्य और ऐतिहासिक होगा. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं.


