Bokaro: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस को देखते हुए चास अनुमंडल प्रशासन ने यातायात एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. जुलूस के संभावित मार्ग और भीड़ को ध्यान में रखते हुए 26 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है.

उकरीद मोड़ से स्टेशन मोड़ तक बदलेगी व्यवस्था
सिजुआ, मोहनडीह, झोपरो, हैसाबातु, इस्लामपुर, आजाद नगर डुमरो और सिवनडीह समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस स्टेशन मोड़, बालीडीह होते हुए नया मोड़ और उकरीद मजार शरीफ तक पहुंचने की संभावना है. कार्यक्रम के बाद जुलूस के वापस लौटने को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया है. उकरीद मोड़ हाईवे से स्टेशन मोड़, बालीडीह तक सड़क का बायां लेन बंद रहेगा. इस दौरान सभी वाहनों का परिचालन उकरीद मोड़ से सड़क के दाहिने लेन से कराया जाएगा.
नया मोड़ से उकरीद मोड़ जाने वाला मार्ग बंद
नया मोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले सभी वाहनों को सेक्टर-12 मोड़ और पुलिस केंद्र होते हुए उकरीद मोड़ की ओर भेजा जाएगा. नया मोड़ से उकरीद मोड़ जाने वाला सीधा मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा.
भारी वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर रोक
धनबाद की ओर से आईटीआई मोड़ जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को पुपुनकी टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा. वहीं, पुरुलिया से आईटीआई मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों को पिंड्राजोरा चेक पोस्ट के पास रोका जाएगा. आईटीआई मोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को तेलीडीह मोड़ हाईवे के पास रोका जाएगा. पेटरवार से बालीडीह की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जरीडीह टोल प्लाजा के पास रोकने की व्यवस्था की गई है. बालीडीह से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को स्टेशन मोड़, बालीडीह के पास रोका जाएगा. वहीं, तालगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ की ओर जाने वाले सभी वाहनों का परिचालन सड़क के दाहिने लेन से कराया जाएगा.
थाना प्रभारियों को अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश
चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा ने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित समय और स्थान पर वाहनों को रोकने तथा यातायात व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील
यह यातायात व्यवस्था 26 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावी रहेगी. प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों से निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.
ALSO READ: चतरा में नाबालिग से बाल मजदूरी और मारपीट का आरोप, महिला थाना प्रभारी समेत दारोगा पति सस्पेंड

