Hazaribagh: शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित मिशन अस्पताल के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. हादसे में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों पर चढ़ गई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, चार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

कार क्षतिग्रस्त, चालक पर नशे में होने का आरोप
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


