Koderma: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बेहराडीह पंचायत स्थित घरवरियाबार गांव में रविवार देर रात एक घर के बाहर खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से कार पूरी तरह जलकर राख हो गई. जानकारी के अनुसार, कार मालिक विनय यादव बाहर से लौटकर वाहन को घर के बरामदे में खड़ा कर अंदर चले गए. देर रात उन्हें धुआं दिखाई दिया. बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि कार में आग लगी हुई है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया.
ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया गया काबू
विनय यादव के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने मोटर और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. बताया गया कि उक्त कार पहले दिल्ली में किराये पर चलती थी और कुछ महीने पहले ही गांव लाई गई थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कार कुछ महीने पहले दुर्घटनाग्रस्त भी हुई थी. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. इस घटना में कार मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

ALSO READ: हजारीबाग: मिशन अस्पताल के पास तेज रफ्तार कार ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को कुचला, चार की हालत गंभीर


