Jamtara: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाझरिया के समीप जामुनतर गांव में सोमवार को झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जामुनतर गांव के समीप अचानक तेज दुर्गंध महसूस होने पर स्थानीय ग्रामीण आसपास के क्षेत्र में पहुंचे. तलाश करने पर झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल करमाटांड़ थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है.



