Lohardaga : नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर, दो एंड्रायड मोबाइल फोन और 3,015 रुपये नकद बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली थी कि शहर के अलीनगर स्थित एक खाली मकान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में छापेमारी की. पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर कार्रवाई की, जहां से दो युवकों को हिरासत में लिया गया.
मोबाइल फोन और 3,015 रुपये जब्त
सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. इसके साथ ही दो एंड्रायड मोबाइल फोन और 3,015 रुपये नकद भी जब्त किया गया. बरामद मादक पदार्थ को अंचलाधिकारी आरएन खलखो की उपस्थिति में विधिवत जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या 89/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहर के थाना टोली निवासी इमरोज अंसारी उर्फ हैदर और हिरही बड़काटोली निवासी जावेद अंसारी उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. इमरोज अंसारी के खिलाफ साल 2024 में लोहरदगा थाना कांड संख्या 97/24 दर्ज है. जिसमें विभिन्न धाराओं के तहत मामला चल रहा है. वहीं, दूसरे आरोपी जावेद अंसारी उर्फ बिल्ला के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके विरुद्ध लोहरदगा थाना में चार, कुडू थाना में एक और रांची जिले के पतरातू थाना में एक मामला पहले से दर्ज है. पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
ALSO READ : Newswave Impact: धनवार में कथित अवैध पत्थर खनन की जांच करने पहुंचे खोरीमहुआ SDM


