Pakur: नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने एक शिक्षक और एक वैज्ञानिक के घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. सोमवार को घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंधीपाड़ा निवासी शिक्षक मृदुल भट्टाचार्य के घर का मुख्य दरवाजा और लॉकर तोड़कर चोरों ने कई कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला. अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और पीतल के बर्तन चोरी कर लिए गए.
परिवार बाहर था, लौटने पर मिली चोरी की जानकारी
मृदुल भट्टाचार्य की सास एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका अल्पना चटर्जी ने बताया कि मृदुल बड़हड़वा के बिंदुपाड़ा स्थित स्कूल में शिक्षक हैं. घटना के समय पूरा परिवार किसी काम से बिंदुपाड़ा गया हुआ था. घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोरी हुए सामान का सही आकलन मृदुल भट्टाचार्य के आने के बाद ही हो सकेगा.

वैज्ञानिक के घर को भी बनाया निशाना
इसी मोहल्ले में रहने वाले वैज्ञानिक अमित कुमार के घर में भी चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अमित कुमार के ससुर जयनंदन शाह ने बताया कि वे दो दिन पहले एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बड़हड़वा गए थे. इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सामान चोरी कर लिया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में हेलमेट पहने दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आते-जाते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामले की जांच जारी है.


