Ranchi: झारखंड में सूचना आयोग को जल्द ही नई ऊर्जा मिलने वाली है. राज्य के चार नवनियुक्त सूचना आयुक्त एक जुलाई को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. जानकारी के अनुसार, इस समारोह का आयोजन लोक भवन के दरबार हॉल में किया जाएगा. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पूर्वाह्न 11:30 बजे नवनियुक्त आयुक्तों को शपथ दिलाएंगे. राज्य सरकार ने इस संबंध में लोक भवन को विधिवत सूचित करते हुए कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. बताते चलें कि राज्य कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इन नियुक्तियों से संबंधित अधिसूचना पहले ही जारी कर दी थी. शपथ लेने वाले सूचना आयुक्तों में अनुज कुमार सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, शिवपूजन पाठक और तनुज खत्री शामिल हैं. इन सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के साथ ही राज्य में सूचना के अधिकार के तहत लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी. शपथ ग्रहण के साथ ही ये सभी अपनी नई जिम्मेदारियों का कार्यभार संभाल लेंगे. राज्य सरकार ने निर्धारित समय पर कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रबंध सुनिश्चित करने का सुझाव दिया है.



