Koderma: भारतीय जनता पार्टी जिला कोडरमा की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक अग्रसेन भवन, झुमरी तिलैया में संपन्न हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री शालिनी बैसिख्यार, विशिष्ट अतिथि कोडरमा विधायक नीरा यादव और जिला प्रभारी प्रवीण मेहता उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री विजय यादव एवं नरेंद्र पाल ने संयुक्त रूप से किया. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के “12 साल बेमिसाल” अभियान को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया. साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर बीएलए के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया गया.
भाजपा पार्टी की सबसे बड़ी ताकत संगठन
इस दौरान मुख्य अतिथि शालिनी बैसिख्यार ने कहा, कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि बूथ सशक्त होगा, तो संगठन और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे. वहीं, कोडरमा विधायक नीरा यादव ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए.

अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करने का आह्वान
जिला प्रभारी प्रवीन मेहता ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है. बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखते हुए सभी अभियान समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न किए जाएं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करने का आह्वान किया. जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा, कि जिला भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगा. उन्होंने कहा कि “12 साल बेमिसाल” अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रत्येक घर तक पहुंचाया जाएगा तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा. उन्होंने सभी मंडलों एवं बूथों के कार्यकर्ताओं से बीएलए के साथ समन्वय बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने का आग्रह किया.
सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की जरूरत
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया, कि सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की जरूरत है, इसके लिए आप सब तैयार रहें और एक बड़ा आंदोलन करें. जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने कहा, कि SIR बड़ा मुद्दा है, आप सभी बीएलओ से समन्वय कर काम करें और सही वोटर छूटे नहीं और गलत चढ़े नहीं. वहीं, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा, कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को पार्टी हित में एकजुट होकर काम करना चाहिए. राजेश सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के दुख-दर्द को बताते हुए, कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें: पलामू: तीन साल से बंद नालों की सफाई शुरू, लेकिन चर्च रोड के दुकानदार अब भी जलजमाव से बेहाल


