Simdega : जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टापूडेगा पंचायत अंतर्गत पंडरीपानी महुआ टोली गांव में पुलिस पर एक परिवार के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है. घटना के बाद ग्रामीणों ने बैठक कर पूरे मामले की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी. जिसके बाद डीएसपी DSP मामले की जांच के लिए गांव पहुंचे. ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी मोहित मांझी ट्रक चालक हैं और अपने घर के समीप खाली स्थान पर ट्रक खड़ा करते थे. इसी बात को लेकर गांव के सुरेश साहू के साथ उनकी कहासुनी हो गई. आरोप है कि सुरेश साहू ने पुलिस बुलाने की धमकी दी और कुछ ही देर बाद ठेठईटांगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने सुरेश साहू के कहने पर मोहित मांझी को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं. जब मोहित की मां काली देवी, बहन आशा कुमारी और पत्नी उन्हें बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई.
DSP ने कहा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी
घटना के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने बैठक कर प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज और भाजपा नेता श्रद्धानन्द बेसरा को बुलाया. दोनों जनप्रतिनिधियों ने मामले की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को दी. इसके बाद डीएसपी रणवीर सिंह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार सहित ग्रामीणों से बातचीत कर मामले की जांच शुरू की. डीएसपी रणवीर सिंह ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच में जो भी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इधर, पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है. ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.



