Ranchi: झारखंड के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. मानसून की सक्रियता के साथ राज्य अब तर-बतर होने को तैयार है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी कर दिया हैं यदि आप घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं, क्योंकि अगले 48 से 72 घंटे राज्य में मौसम का कहर देखने को मिल सकता है.
मानसून का विस्तार और वर्तमान स्थिति
30 जून, 2026 तक दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झारखंड के शेष हिस्सों को पूरी तरह से कवर कर लिया है.उत्तर-पूर्वी भारत में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले 3 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो राज्य में बारिश की रफ्तार को और बढ़ा देगा.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम का मिजाज
बीते दिन राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के बहरागोड़ा में सर्वाधिक 64.5 मिलीमीटर वर्षा हुई. वहीं डाल्टनगंज 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रमुख शहरों में रांची का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 36.8 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा का 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
Read Also: इंडिया गठबंधन ने CJI को लिखा पत्र, SIR समेत पांच मुद्दों का किया जिक्र
तापमान में गिरावट और आगे का पूर्वानुमान
अगले 3 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आने की संभावना है. 2 जुलाई से राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है. 6 जुलाई तक राज्य में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ वर्षा का दौर जारी रहेगा.
भारी बारिश का अलर्ट और चेतावनी
- 01 जुलाई: लातेहार, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की प्रबल संभावना है.
- 02 जुलाई: उत्तर-पूर्वी भाग (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज), मध्य भाग (बोकारो, धनबाद, रामगढ़ आदि) और दक्षिण भाग में भारी बारिश के आसार हैं. तेज हवाएं और वज्रपात का सिलसिला जारी रहेगा.


