Bokaro: गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की मॉनिटरिंग को लेकर बैठक की. बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि SIR-2026 अभियान की प्रगति की प्रतिदिन अपराह्न 7:30 बजे वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा की जाएगी. समीक्षा के दौरान गणना प्रपत्रों की प्राप्ति, जमा किए गए प्रपत्रों की संख्या, उनके डिजिटाइजेशन की स्थिति, ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा किए गए बूथ भ्रमण, पर्यवेक्षकों द्वारा मतदान केंद्रों के निरीक्षण तथा प्राप्त फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की प्रगति का प्रतिदिन मूल्यांकन करेंगे तथा नियमित प्रतिवेदन समर्पित करेंगे, ताकि अभियान के प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके.
मीडिया और सोशल मीडिया गतिविधियों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने मीडिया मॉनिटरिंग टीम को निर्देश दिया कि एसआईआर-2026 से संबंधित सोशल मीडिया एवं विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली नेगेटिव पोस्ट एवं भ्रामक खबरों पर सतत नजर रखी जाए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किए गए जागरूकता पोस्ट, जारी प्रेस विज्ञप्तियों तथा प्रचार-प्रसार गतिविधियों का भी नियमित मूल्यांकन किया जाएगा.

ALSO READ: धनबाद: SSP ने ट्रैफिक पुलिस को दी 50 नई बैटन लाइट, वाहन जांच और ड्यूटी में होगी सहूलियत
श्रेष्ठ कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
उपायुक्त ने ईआरओ एवं एईआरओ को बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि बूथ स्तर पर अभियान की प्रगति, भ्रमण, प्रपत्र संग्रहण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के कार्यों का भी आकलन किया जाएगा. सर्वाधिक एवं प्रभावी जागरूकता पोस्ट करने वाले सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स को प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा. वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को भी सम्मानित किया जाएगा. इसके लिए उनके कार्यों की नियमित समीक्षा कर निष्पादन के आधार पर मूल्यांकन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी (यूआईडी) शैलेन्द्र कुमार, फेलो रवि कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.


