Chaibasa: बंदगांव भाजपा मंडल कार्यसमिति की बैठक मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री एवं चक्रधरपुर जिला प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक, डॉ. विजय सिंह गगराई तथा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष मालती गिलुवा सहित जिला एवं मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक के दौरान मंडल कार्यसमिति के सभी सदस्यों का परिचय कराया गया तथा संगठन के उद्देश्य, कार्यपद्धति एवं आगामी लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी गई. इस अवसर पर शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन विस्तार एवं बूथ सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का आह्वान किया गया.

प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन एवं चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई. आगामी पंचायत एवं अन्य चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने तथा अभी से योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया. साथ ही आगामी 6 जुलाई को आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से संबंधित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई. मौके पर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं. प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और हमें सेवा, समर्पण एवं संगठन के सिद्धांतों के साथ जन-जन तक पहुंचना है. गुरुचरण नायक ने कहा कि आगामी चुनावों की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाना आवश्यक है. कार्यकर्ता अभी से पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में जुट जाएं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं. डॉ. विजय सिंह गगराई ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी संगठन की प्रेरणा हैं. उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाज सेवा के भाव से कार्य करें. इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अमरेश प्रधान, जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, सोनुआ मंडल अध्यक्ष निशांत महतो, चक्रधरपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दुर्योधन प्रधान समेत अन्य उपस्थित थे.


